चम्पावत। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत वर्ष 2019 में गठित ‘सरस्वती स्वयं सहायता समूह’ (ग्राम कांडा श्यामलाताल) की छह महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। सीमित संसाधनों के बावजूद इन महिलाओं ने अपने हौसले और मेहनत के दम पर चप्पल एवं क्रॉक्स निर्माण की आधुनिक यूनिट स्थापित कर न केवल अपनी आय बढ़ाई, बल्कि ग्रामीण महिला उद्यमिता का सफल उदाहरण भी पेश किया है। समूह की महिलाएं पहले से ही गौ पालन, सब्जी उत्पादन, पहाड़ी केले की खेती और शहद उत्पादन जैसे पारंपरिक आजीविका कार्यों से जुड़ी थीं। बेहतर भविष्य और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार करते हुए चप्पल और क्रॉक्स निर्माण का निर्णय लिया। AdAd यूनिट की स्थापना के लिए महिलाओं ने ग्राम संगठन के सीआईएफ (कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड) से ₹1 लाख तथा सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) के माध्यम से ₹1 लाख का ऋण प्राप्त किया। इस वित्तीय सहयोग और अपने अथक परिश्रम के बल पर उन्होंने उत्पादन कार्य को पेशेवर तरीके से शुरू किया। उत्पादन शुरू होते ही समूह द्वारा तैयार की गई चप्पलों को बाजार में शानदार प्रतिक्रिया मिली। शुरुआती दौर में ही विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ऑर्डर मिलने लगे। समूह ने खटीमा के लिए 400, बनबसा के लिए 400, अमोड़ी के लिए 25 तथा सितारगंज के लिए 600 चप्पलों के ऑर्डर सफलतापूर्वक पूरे कर अपनी गुणवत्ता और कार्यक्षमता का परिचय दिया।
16 Jul 2026
देहरादून। प्रेम प्रसंग के चलते एक बीएसएफ जवान पर अपनी प्रेमिका को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बाद में बीएसएफ जवान ने खुद भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। जिसके बाद उसका दून अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति की शिकायत के आधार पर कोतवाली डोईवाला में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के अनुसार आरोपी की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन भेजी और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है और खुद भी जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस लोकेशन के आधार पर मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे पहुंची। वहां एक कमरे में बीएसएफ जवान 38 वर्षीय निवासी मोहब्बेवाला, क्लेमेंटाउन बेसुध अवस्था में मिला, जबकि 40 वर्षीय महिला निवासी गूलरघाटी, नकरौंदा क्षेत्र मृत मिली। AdAd जिसके बाद पुलिस ने बीएसएफ जवान को नजदीकी अस्पताल और फिर दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस द्बारा घटना के संबंध में पूछताछ करने पर प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पिछले काफी समय से प्रेम संबंध थे। छुट्टी पर घर आया बीएसएफ जवान पिछले दो दिनों से महिला (प्रेमिका) के साथ होमस्टे में ठहरा हुआ था। वहीं मृतका के पति ने डोईवाला कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और बीएसएफ जवान के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। इस संबंध की जानकारी आरोपी के परिवार को भी थी। इसी विवाद के चलते बीएसएफ जवान ने महिला (प्रेमिका) को जहर देकर मार डाला और बाद में खुद भी जहर खा लिया। मृतक महिला के पति की शिकायत के आधार पर आरोपी बीएसएफ जवान के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में मुकदमा दर्ज किया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया है कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
16 Jul 2026
हल्द्वानी/नैनीताल। भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे के खिलाफ दुष्कर्म और शारीरिक शोषण का मुकदमा दर्ज कराने वाली पहली शिकायतकर्ता युवती अब खुद गंभीर आरोपों में गिरफ्तार होकर जेल पहुंच गई है। एक अन्य युवती की शिकायत के आधार पर मल्लीताल पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी, दुष्कर्म कराने के प्रयास, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। बहुपक्षीयसंगठन पुलिस के अनुसार मामले में नया मोड़ तब आया जब एक अन्य युवती ने कोतवाली मल्लीताल में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पहली शिकायतकर्ता उसे बहला-फुसलाकर काठगोदाम स्थित एक होटल में ले गई थी। वहां पहले से मौजूद नरेश पांडे के सामने उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। AdAd शिकायतकर्ता युवती ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उसकी उम्र 17 वर्ष 11 माह थी, जिसके चलते मामला पॉक्सो एक्ट के दायरे में भी आया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए पहली शिकायतकर्ता युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घर से गिरफ्तार कर भेजा जेल मल्लीताल पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी युवती को उसके घर से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। कॉलेज छात्राओं को जाल में फंसाने का आरोप नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार प्रारंभिक जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिनसे संकेत मिलता है कि मुख्य आरोपी नरेश पांडे और गिरफ्तार युवती कथित रूप से कॉलेज छात्राओं को अपने प्रभाव में लेकर उन्हें देह व्यापार की ओर धकेलने का प्रयास करते थे। पुलिस का दावा है कि दोनों के संपर्क में कई अन्य युवतियां भी थीं और अब मामले की जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। मुख्य आरोपी नरेश पांडे पहले से जेल में गौरतलब है कि भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को पहले ही दुष्कर्म और शोषण से जुड़े आरोपों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था। अब पहली शिकायतकर्ता युवती की गिरफ्तारी के बाद यह मामला और अधिक जटिल हो गया है। बहुपक्षीयसंगठन फरार होने की तैयारी की चर्चा सूत्रों के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी युवती गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना गांव छोड़ने की तैयारी में थी। बताया जा रहा है कि उसने देहरादून और उसके बाद जयपुर जाने की योजना बनाई थी तथा यात्रा संबंधी बुकिंग भी कर ली थी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच जारी, और खुलासों की संभावना पुलिस होटल रिकॉर्ड, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस चर्चित मामले में आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
16 Jul 2026