चंपावत

श्री बालेश्वर समिति मंदिर, चम्पावत में श्री शिव महापुराण कथा के प्रथम दिवस गौ सेवा सम्मान आह्वान अभियान का हुआ जनजागरण

चम्पावत। श्री बालेश्वर समिति मंदिर, चम्पावत में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के प्रथम दिवस कथा व्यास परम श्रद्धेय राजेंद्र प्रसाद जी महाराज ने भगवान शिव की दिव्य महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति, सेवा एवं सदाचार का संदेश दिया।

अपने प्रेरणादायक प्रवचन के दौरान महाराज जी ने गौ सेवा सम्मान आह्वान अभियान के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि गौमाता का संरक्षण एवं संवर्धन केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत की रक्षा का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से गौ सेवा एवं गौ संरक्षण के इस जनजागरण अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया।

महाराज जी ने अपने उद्बोधन में 27 जुलाई को आयोजित होने वाले गौ सेवा सम्मान आह्वान अभियान के कार्यक्रम की भी जानकारी दी तथा सभी गौभक्तों, सनातन धर्मावलंबियों एवं जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

इस अवसर पर गौ सेवा सम्मान आह्वान अभियान, चम्पावत की ओर से श्री बालेश्वर समिति मंदिर, चम्पावत के समस्त पदाधिकारियों, आयोजन समिति एवं सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से बहुत-बहुत आभार एवं हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया गया। अभियान परिवार ने कहा कि मंदिर समिति द्वारा गौ सेवा एवं गौ संरक्षण जैसे राष्ट्रीय एवं सामाजिक महत्व के विषय को श्री शिव महापुराण कथा जैसे पावन धार्मिक मंच से समाज के समक्ष प्रस्तुत करना अत्यंत प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय पहल है।

अभियान परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सभी वर्गों, संत-महात्माओं एवं गौभक्तों के सहयोग से गौ सेवा एवं गौ संरक्षण का यह जनजागरण अभियान निरंतर व्यापक होता जाएगा तथा समाज में गौमाता के प्रति सेवा, सम्मान एवं संरक्षण की भावना और अधिक सशक्त होगी। साथ ही सभी नागरिकों से पुनः आग्रह किया गया कि वे 27 जुलाई के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर गौ संरक्षण के इस जनआंदोलन को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *