उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के आराकोट-बंगाणा क्षेत्र में स्कूल जा रही कक्षा नौ की 14 वर्षीय छात्रा को अज्ञात लोगों द्वारा कथित रूप से जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बचाया और सुरक्षित निकल गई।
जानकारी के अनुसार, छात्रा ग्राम ईशाली से आराकोट इंटर कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में कथित तौर पर उसे वाहन में बैठाने का प्रयास किया गया। घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
मामले की लिखित सूचना पुलिस चौकी सनेल में दी गई है और घटना की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। स्थानीय लोगों ने संभावित सीसीटीवी फुटेज, वाहन की पहचान और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच तेज करने की मांग की है।
घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता मनमोहन सिंह चौहान के नेतृत्व में स्थानीय युवाओं ने भी सतर्कता बढ़ाई है। ग्रामीणों ने स्कूल मार्गों पर पुलिस गश्त, नियमित वाहन चेकिंग और आराकोट-बंगाणा क्षेत्र में पुलिस बैरियर लगाने की मांग की है।
फिलहाल घटना से जुड़े आरोपों की आधिकारिक जांच और संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया महत्वपूर्ण है।
बड़ी खबर: स्कूल जा रही 14 वर्षीय छात्रा को जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास, क्षेत्र में दहशत



